Contraceptive Pills Side Effects: अनचाहे गर्भ से बचने के लिए महिलाएं गर्भनिरोधक गोलियों का सेवन करती हैं. कुछ महिलाएं ऐसी भी होती हैं जो लंबे समय तक इन गोलियों का सेवन करती रहती हैं। ऐसा करने से उन्हें स्वास्थ्य से जुड़ी कई समस्याएं हो सकती हैं। एक अध्ययन के अनुसार गर्भनिरोधक गोलियों के अधिक सेवन से महिलाओं की भावनाएं नष्ट हो सकती हैं और वे भावहीन हो सकती हैं। इतना ही नहीं लगातार गर्भनिरोधक गोलियां लेने से मौत भी हो सकती है। इसलिए जब भी आप इन गोलियों का सेवन करें तो डॉक्टर की सलाह पर ही करें। आइए जानते हैं इसके साइड इफेक्ट और कुछ जरूरी बातें…
हार्मोनल चक्र गड़बड़ा सकता है
ऐसी गर्भनिरोधक गोलियां, जो मुंह से ली जाती हैं, यानी मौखिक गर्भनिरोधक गोलियां हार्मोन आधारित होती हैं। अगर बिना डॉक्टर की सलाह के इनका सेवन किया जाए तो यह पूरे शरीर के हार्मोन चक्र को बिगाड़ सकता है और गंभीर समस्याएं पैदा हो सकती हैं।
जानलेवा हो सकती हैं बर्थ कंट्रोल पिल्स
कुछ बर्थ कंट्रोल पिल्स कॉम्बिनेशन पिल्स होती हैं, इनका सेवन घातक हो सकता है। इनके इस्तेमाल से खून का थक्का बनने, डीप वेन थ्रोम्बोसिस, फेफड़ों पर थक्का बनने, स्ट्रोक या दिल का दौरा पड़ने का खतरा बढ़ सकता है। इतना ही नहीं, गर्भनिरोधक गोलियों के सेवन से हाई ब्लड प्रेशर, नॉन-कैंसरस लिवर ट्यूमर और कुछ तरह के कैंसर भी हो सकते हैं। कुछ महिलाओं को गर्भनिरोधक गोलियां लेने के बाद तेज सिरदर्द या माइग्रेन की भी शिकायत हो सकती है। इसलिए ऐसी गोलियों का सेवन बिना डॉक्टर की सलाह के नहीं करना चाहिए।
इन महिलाओं को कभी नहीं करनी चाहिए गर्भनिरोधक गोलियों का सेवन
गर्भावस्था के दौरान गर्भनिरोधक गोलियों का सेवन बिल्कुल भी ना करें।
जिन महिलाओं की उम्र 40 या उससे अधिक है।
जो महिलाएं धूम्रपान करती हैं, शराब पीती हैं या किसी भी तरह का नशा करती हैं।
जो महिलाएं अधिक वजन या मोटापे से ग्रस्त हैं।
कुछ प्रकार की दवाएं लेने वाली महिलाएं।