इंदौर का जज्बा देख सीएम शिवराज भी हो गए हैरान, सफाई देख जमकर की तारीफ

इंदौर: मां अहिल्या की पावन नगरी इंदौर में रंगपंचमी का उल्लास चारों तरफ नजर आया। रविवार को रंगपंचमी के मौके पर आयोजित सालों पुरानी परंपरा को बखूबी निभाया गया। इंदौर का राजवाड़ा सतरंगी रंगों से रंगा नजर आया। लाखों की संख्या में पहुंचे शहरवासी हर्ष और उल्लास के साथ रंगपंचमी के रंग में नजर आए। बड़ी-बड़ी मिसाइलों से निकलने वाली रंगों की बौछारों से पूरा राजवाड़ा सराबोर हो गया। इंदौर की गेर की तस्वीरें सोशल मीडिया में वायरल हो रही हैं। वहीं, गेर के बाद एक घंटे में इंदौर की सड़कों की सफाई को लेकर कर्मचारियों की तारीफ हो रही है।

सुरक्षा व्यवस्था  के कड़े इंतजाम

रविवार को कई संस्थाओं ने राजवाड़ा पर गेर निकाली। मिसाइल के जरिए रंगों की बौछार शहरवासियों पर की गई। राजवाड़ा में गेर के मौके पर महिलाएं भी शामिल हुईं। महिलाएं भजनों की धुन पर थिरकते हुई नजर आई। गेर को लेकर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। पुलिस प्रशासन के अधिकारी और कर्मचारी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात नजर आए। वहीं, सीसीटीवी, ड्रोन कैमरे और बिल्डिंगों से सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई थी।

करीब 6 लाख लोग हुए शामिल

रंगपंचमी पर इंदौर के ऐतिहासिक राजवाडे़ पर निकली गेर में देशभर के विभिन्न राज्यों से आए लोग शामिल हुए। बताया जा रहा है कि गेर में करीब 6 लाख लोग शामिल हुए। गेर का उत्साह पूरे चरम पर दिखाई दिया। रंगपंचमी पर निकली गेर की अहमियत इसलिए भी ज्यादा रही क्योंकि यूनेस्को के सामने प्रेजेंटेशन के लिए इसकी वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कराई गई।

2 हजार किलो प्राकृतिक रंग का उपयोग

रंगपंचमी पर शहर की 4 गेर और दो फाग यात्राएं निकली। जिनमें करीब 2 हजार किलो प्राकृतिक और टेसू के फूलों के रंग का इस्तेमाल किया गया। फाग टोलियां में शामिल लोग भोपूं बजाते हुए और अपने हाथों से गुलाल उड़ा रहे थे। गेर की ये मस्ती दोपहर बाद करीब चार बजे तक चली। गेर में बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय भी शामिल हुए। उनके साथ विधायक रमेश मेंदोला भी शामिल हुए।

फोटो सोशल मीडिया में वायरल

गेर में शामिल लोगों का जगह-जगह स्वागत भी किया गया। तो कहीं कहीं बिल्डिंगों से उन पर रंगों की बारिश भी की गई। पूरा इंदौर गेर के रंग में नजर आया। इंदौर के गेर की तस्वीरें सोशल मीडिया में वायरल हो रही हैं।

1 घंटे में चकाचक हो गया राजवाड़ा

गेर की समाप्ति के तुरंत बाद नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने राजवाड़ा क्षेत्र की साफ सफाई को 1 घंटे में पूरा कर दिया। कलेक्टर इलैया राजा टी ने प्रसन्नता जताते हुए सफाई कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा है कि यही इंदौरी जज़्बा है, जो हमें वास्तव में सर्वश्रेष्ठ बनाता है।

सीएम ने भी की तारीफ

राज्य के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने भी गेर पर प्रदेशवासियों को बधाई दी। वहीं, इंदौर की सफाई पर भी उन्होंने तारीफ की। महापौर पुष्यमित्र भार्गव के ट्वीट पर सीएम ने कहा- इंदौर का ही तो दौर है। दूर दूर तक कहां कोई और है? वहीं, मेयर ने कहा- इंदौर शहर ने आज पुनः यह वाक्य सार्थक सिद्ध किया। उत्साह व सौहार्दपूर्ण ‘रंगपंचमी गेर’ उत्सव मनाने के पश्चात 150 सफाईमित्रों व मशीनों द्वारा गेर मार्ग को पुनः पूर्व स्वरूप में लाया गया। सभी सफाईमित्रों द्वारा किये गए इस अद्भुत कार्य के लिए सम्पूर्ण शहरवासियों की ओर से हार्दिक धन्यवाद।

ये भी पढ़े: MP को मिली मेडिकल कॉलेज की सौगात, CM शिवराज ने किया लोकार्पण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *